बर्फबारी के कारण पर्यटकों के लिए बंद की गई अटल टनल रोहतांग रविवार को बहाल हो गई है। हालांकि, सड़क पर बर्फ जमने के कारण प्रशासन ने वाहनों के लिए समयसारिणी तय की है। सुबह 11:00 से दोपहर बाद 3:00 बजे तक ही पर्यटक वाहन टनल होकर सिस्सू की तरफ भेजे गए। फोर वाई फोर वाहनों के लिए कोई समयसारिणी नहीं है। अब सैलानी बर्फ का दीदार करते हुए टनल का नजारा ले सकेंगे।
गौरतलब है की बर्फबारी के कारण शुक्रवार को अटल टनल पर्यटक वाहनों के लिए बंद की गई थी। सड़क पर फिसलन के कारण धुंधी में वाहन फिसल रहे थे। अब बेशक मौसम खुल गया है। लेकिन, सुबह और शाम के समय वाहनों के फिसलने की आशंका है। इसको देखते हुए पर्यटक वाहनों को तय समय में ही अटल टनल की ओर भेजा जा रहा है।
रविवार सुबह 11:00 बजे पर्यटक वाहनों को भेजा गया। हालांकि, पर्यटकों को तीन बजे से पहले मनाली लौटने की हिदायत दी गई। अटल टनल बहाल होने के बाद पर्यटक सिस्सू और कोकसर तक पहुंचे। पर्यटकों ने टनल के नाॅर्थ और साउथ पोर्टल में बर्फबारी के बीच खूब मस्ती की। पर्यटकों ने कोकसर और सिस्सू में शीतकालीन खेलों का भी लुत्फ लिया।
वीकेंड के कारण पर्यटकों की भीड़ भी अधिक देखी गई। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सुबह और शाम के समय तापमान कम होने के कारण सड़क पर बर्फ जमने से वाहनों के फिसलने का डर रहता है। इसके चलते सुबह 11:00 से तीन बजे तक ही पर्यटक वाहन भेजे गए। हालांकि, फोर वाई फोर वाहनों को सुबह और शाम के समय भी भेजा जा रहा है।