पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के दूसरे घर मनाली में दो दिन गुजारकर उनकी दत्तक पुत्री नमिता भट्टाचार्य हवाई मार्ग से दिल्ली लौट गई हैं। मनाली के कंचनीकूट में बीते दिन अटल की अस्थियां उनकी नातिन निहारिका ने विसर्जित कीं।
प्रीणी से कड़ी सुरक्षा के बीच नमिता का काफिला भुंतर एयरपोर्ट पहुंचा। यहां फ्लाइट देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई। दो दिन तक नमिता ने मनाली के प्रीणी में रहकर अटल की यादों को ताजा किया।
वर्ष 2006 के बाद अटल की मनाली आने की इच्छा पूरी नहीं हो पाई। लेकिन भाजपा और अटल के परिजनों ने उनके दूसरे घर में अस्थियों का विसर्जन पूरे विधि-विधान के साथ किया। प्रीणी में अटल की पुरानी चीजें देखकर घर में नमिता भावुक हो गईं।
अटल के कपड़ों समेत सभी चीजें वर्तमान में भी प्रीणी में संजोकर रखी गई हैं। दो दिन तक प्रीणी में नमिता ने मायूसी के बीच समय गुजारा। हालांकि पहले भी हर वर्ष नमिता यहां पहुंचती रही हैं।