नशा तस्करी में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 19 आरोपियों की 4.13 करोड़ की संपत्ति की जब्त
जिला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों की 4.13 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें थार, क्रेटा और ग्रैंड विटारा समेत 11 गाड़ियां, दो बाइक, एक होमस्टे और दो आवासीय भवन शामिल हैं। मामला वर्ष 2024 का है। 13 अगस्त को थाना सदर शिमला पुलिस ने एक होटल में दबिश देकर सूरज निवासी लखीसराय, बिहार, हाल पता दक्षिण दिल्ली और रोहित पांडे निवासी आरा, बिहार, हाल पता दक्षिण दिल्ली के कब्जे से 6.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पुलिस ने वर्ष 2026 में वित्तीय जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों एवं उनसे जुड़े व्यक्तियों की संपत्तियों की गहनता से पड़ताल की गई। इसमें पता चला कि आरोपियों की आय का कोई स्रोत नहीं है और उनके पास करोड़ों की संपत्तियां हैं। इनमें लग्जरी गाड़ियों के अलावा होमस्टे और आवासीय भवन भी शामिल हैं।
आरोपी इन संपत्तियों को अर्जित करने के वैध स्रोत की जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस का दावा है कि यह संपत्तियां नशा तस्करी से अर्जित की गईं हैं। इस आधार पर पुलिस ने नौ आरोपियों और 10 सहयोगियों के नाम पर चल-अचल संपत्तियां चिह्नित कीं। इनमें दो आवासीय प्लॉट, दो आवासीय भवन, एक अपार्टमेंट, एक होमस्टे और महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा, मारुति ग्रैंड विटारा, टाटा नेक्सन समेत 11 लग्जरी वाहन, रॉयल एनफील्ड समेत दो बाइक और एक स्कूटी शामिल हैं। इन 20 संपत्तियों का अनुमानित मूल्य लगभग 4.13 करोड़ रुपये आंका गया है। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। प्रदेश में किसी भी नशा तस्करी के मामले में इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है।
जिला पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के साथ ही अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त कर रही है। वित्तीय जांच में तेजी लाने का मकसद साफ है कि नशा बेचकर संपत्ति अर्जित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी के तहत सदर थाने में दर्ज मामले में 19 आरोपियों की 4.13 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।-मेहर पंवार, एएसपी शिमला