हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में नए कोर्स शुरू करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कुलपति प्रो. शशि कुमार धीमान से इसी सत्र से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, हाटा साइंस, स्मार्ट कंप्यूटिंग और टेक्नोलॉजी, एनालिटिक्स और सस्टेनेबिलिटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटर ह्यूमन इंटरेक्शन और मैनेजमेंट सिस्टम और साइंस में स्नातक, स्नातकोत्तर व डिप्लोमा स्तर के कोर्स शुरू करने की बात कही है। कुलपति की अगुवाई में हमीरपुर में मुख्यमंत्री से मिले तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने विवि की गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने तकनीकी विवि के लिए चयनित भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी पूरा करने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि तकनीकी विवि परिसर और संबंधित शिक्षण संस्थानों में आगामी सत्र से नए कोर्स शुरू करने के लिए योजना बनाई जा रही है। जल्द तकनीकी विवि की शैक्षणिक परिषद की बैठक की जाएगी, जिसमें 2023-24 के शैक्षणिक सत्र से नए कोर्स को शुरू करने का प्रारूप तैयार किया जाएगा।