शिमला। राजधानी में गहराते व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की किल्लत का असर चैत्र नवरात्र पर मंदिरों में होने वाले भंडारों पर भी पड़ सकता है। इसलिए सभी प्रमुख मंदिरों तारादेवी, कालीबाड़ी और बीसीएस तारा माता मंदिर में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। शहर में एक हफ्ते से व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की किल्लत चल रही है। होटलों, रेस्तरां और ढाबों संचालकों को व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं दी जा रही। तारादेवी मंदिर में पहले से अंतिम नवरात्र तक रोजाना श्रद्धालुओं के लिए भंडारा परोसा जाएगा। मंदिर के प्रबंधक अनिल शांडिल ने बताया कि मंदिर में लकड़ियों का प्रबंध किया है। बीसीएस तारा माता मंदिर में भी हर रोज भंडारे लगेंगे। मंदिर 5 डीजल भट्ठियों की व्यवस्था कर ली है। कार्य निर्वाहक समिति शिमला कालीबाड़ी के सचिव डॉ. कल्लोल प्रमानिक ने बताया कि मंदिर में भले ही एलपीजी सिलिंडर का स्टॉक खत्म हो चुका है लेकिन उम्मीद है कि जल्द व्यवस्था हो जाएगी। भक्तों के लिए हलवा प्रसाद बनाया जाएगा और अंतिम तीन दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कोई श्रद्धालु मंदिर में एलपीजी की व्यवस्था कर मंदिर में भंडारा या हलवा प्रसाद बनवाना चाहे तो वह मंदिर प्रबंधन से संपर्क कर सकता है।