राजधानी शिमला के चक्कर के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छह साल की बच्ची की आर्मी ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे एक जज ने लोगों की मदद से बच्ची को अपनी गाड़ी में आईजीएमसी पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लड़की को आर्मी के टुटू की ओर से आ रहे ट्रक से टक्कर लगी।
हादसा शनिवार सुबह करीब पौने दस बजे पेश आया। उस समय लोअर चक्कर की ही रहने वाले नेपाली मूल के पप्पू और गीता की छह वर्षीय बेटी महक सामान लेने के लिए सड़क पर पहुंची। जैसे ही उसने हलका सा जाम देखकर सड़क पार करने की कोशिश की, वह टुटू की ओर से आ रहे आर्मी के ट्रक की चपेट में आ गई। उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई।
एक स्थानीय महिला दुकानदार ने अन्य लोगों की मदद से बच्ची को उठाया। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक जज ने गाड़ी रोककर बच्ची को अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी दे दी और स्वयं पैदल ही कोर्ट कांप्लेक्स तक गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बच्ची के ट्रक की चपेट में आने का पता लगते ही आर्मी के दो जवान उससे उतरे और उन्होंने भी बच्ची को अस्पताल तक पहुंचने की मदद की। उसके बाद उनका पता नहीं लग पाया है।