लोकसभा चुनाव को देखते हुए हिमाचल में कुछ और नेताओं को सरकारी ओहदे बांटे जा सकते हैं। दिवाली पर भी प्रदेश के कुछ और नेताओं को तोहफे मिल सकते हैं। अभी भी करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा निगमों-बोर्डों में अध्यक्षों या उपाध्यक्षों की तैनाती हो सकती है। राज्य के दर्जनों भाजपा नेताओं की इन नेताओं पर नजरें टिकी हैं। अब तक एक दर्जन से ज्यादा बोर्डों-निगमों और अन्य संस्थानों में तैनातियां की जा चुकी हैं।
बुधवार को सीएम जयराम ठाकुर ने दस भाजपा नेताओं को बोर्डों औैर निगमों की कमान दी है। इससे पहले नवरात्र में ही तीन अन्य नेताओं की सरकारी ओहदों पर तैनाती की जा चुकी है। नवरात्र से पहले भी कुछ नियुक्तियां की जा चुकी थीं। भाजपा के वे सब नेता जो विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार थे या फिर खुद को संगठन के लिए समर्पित बता रहे थे, वे अपनी तैनाती का इंतजार कर रहे थे।