एक क्लिक पर मिलेंगी श्रद्धालुओं को विशेष पूजा कराने की सुविधा और शादी की बुकिंग के लिए हॉल
विज्ञापन
मंदिर न्यास की वेबसाइट का 90 फीसदी काम पूरा भारती शर्मा शिमला। राजधानी के कच्चीघाटी स्थित संकट मोचन मंदिर में भंडारा करवाने और विशेष पूजा-अर्चना करवाने के लिए श्रद्धालुओं को अब मंदिर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
मंदिर न्यास की ओर से तैयार की जा रही नई वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु घर बैठे ही भंडारे और विशेष पूजा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में शादी की बुकिंग और ऑनलाइन डोनेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मंदिर न्यास की वेबसाइट का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। वेबसाइट शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी। अभी तक भंडारा करवाने, विशेष पूजा करवाने और शादी के लिए बुकिंग जैसी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर न्यास कार्यालय पहुंचकर आवेदन करना पड़ता था।
विज्ञापन
नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु वेबसाइट पर उपलब्ध विकल्प के माध्यम से अपनी जरूरत के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। भंडारे के लिए तिथि तय करने से लेकर विशेष पूजा की बुकिंग तक की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करने की योजना है। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें आवेदन के लिए बार-बार मंदिर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं मंदिर में शादी करवाने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा प्रस्तावित है। श्रद्धालु उपलब्ध तिथियों और आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी लेकर घर बैठे बुकिंग कर सकेंगे। इससे बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता आने के साथ ही समय की भी बचत होगी। वेबसाइट के जरिये ऑनलाइन डोनेशन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। श्रद्धालु अपनी इच्छानुसार मंदिर को डिजिटल माध्यम से दान दे सकेंगे।
कोट
वेबसाइट जल्द शुरू करने की तैयारी
वेबसाइट को श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। ऑनलाइन सुविधाएं शुरू होने से मंदिर की व्यवस्थाएं अधिक व्यवस्थित होंगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। वेबसाइट का काम पूरा होने के बाद इसे जल्द शुरू करने की तैयारी है। -अनूप चौहान, प्रबंधक, संकट मोचन मंदिर न्यास