फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इटली से मंगवाए सेब पौधे सूखे निकले, 15 करोड़ का नुकसान

Sat, 18 Aug 2018 12:28 PM IST
राकेश शर्मा, अमर उजाला, सोलन
विज्ञापन
विज्ञापन

बागवानी मिशन प्रोजेक्ट के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर हिमाचल ने इटली से जो सेब के पौधे आयात किए वे सूखे निकले हैं। बताया जा रहा है तीन साल पुराने और मृत पौधों की सप्लाई हिमाचल बागवानी विभाग को हुई। 2016 से लगातार सूखी टहनियों को 400 रुपये प्रति पौधे के हिसाब से खरीदा जाता रहा। रोपने के बाद इन पौधों में लगातार पानी और खाद देने के बावजूद इन पौधों में जान नहीं आई।

विज्ञापन


इस प्रोजेक्ट में अब तक करीब 30 करोड़ रुपये के पौधे आयात किए गए हैं और इन पौधों को नालागढ़ स्थित कोल्ड स्टोर में रखा गया है। इन पौधों में से 15 करोड़ के पौधे ऐसे हैं जो तीन साल से पुराने थे और इनकी टहनियों या जड़ों में कोई हलचल नहीं थी। आयात किए पौधों की विशेषज्ञों ने जांच नहीं की और वर्ष 2016 से लगातार ऐसे पौधे खरीदे जाते रहे।

योजना के तहत करीब साढ़े सात लाख पौधे आयात किए। सिंचाई एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने पौधों की जांच के लिए शुक्रवार को नौणी विश्वविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री ने उन सभी अधिकारियों की जानकारी तलब की है जो इन पौधों की खरीद-फरोख्त से जुड़े हैं। पौधे खरीदने के लिए बनी परचेजिंग कमेटी और प्रोजेक्ट डायरेक्टर को इसमें जवाबदेह बनाया गया है।
विज्ञापन


पौधे बर्बाद होने के बाद नौणी विवि में आती रही सप्लाई 
इटली से आयात साढ़े सात लाख पौधों में से एक लाख 40 हजार पौधे नौणी विवि में तैयार करने थे। एक लाख पौधे रोपे जा चुके हैं और उनमें से सिर्फ 50 हजार ही जड़ पकड़ पाए हैं। नौणी विवि में विशेषज्ञों की रिपोर्ट देने के बावजूद जून से सप्लाई आ रही थी। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि इन पौधों की खरीद पर रोक क्यों नहीं लगी। नौणी विवि पौधों की देखभाल पर करीब दस लाख रुपये खर्च कर चुका है।  

पाई-पाई का हिसाब लेंगे
बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने दो टूक शब्दों में कहा है कि लोगों के टैक्स का पैसा विदेश घूमने के लिए नहीं है। प्रोजेक्ट पर खर्च एक-एक पाई का हिसाब लेंगे। जिन लोगों ने प्रोजेक्ट के माध्यम से पैसे बनाए हैं, उनके चिट्ठे खोले जाएंगे। 20 अगस्त को शिमला में एक बैठक होगी, जिसमें मामले से जुड़े विभागीय अधिकारियों व अन्य से जवाब मांगा जाएगा।

पौधे बागवानों को न बेचें नौणी विवि 
मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने नौणी विवि को पौधे बागवानों को न बेचने की सलाह दी है। कहा कि जो पौधे फल देने की हालत में नहीं हैं, उन्हें हटा दें और जो संदेहजनक हैं, उन पर लाल निशान लगाएं, ताकि बिक्री से पहले इनकी परख हो सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें