सेब बागवान शनिवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। विभिन्न संघों से जुड़े बागवान-किसान प्रदेश की मंडियों में आढ़तियों की मनमानी का विरोध करेंगे। स्थानीय प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भी भेजा जाएगा। बागवान सेब का गोल रेट नहीं मिलने से नाराज हैं। मंडियों में आढ़ती प्रति पेटी बागवानों से 20 रुपये वसूल रहे हैं, जबकि वे प्रति किलो सेब के दाम तय करने की मांग कर रहे हैं।
बागवान-किसान रोहड़ू बस स्टैंड में प्रदर्शन करेंगे। फिर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। हिमाचल किसान संघर्ष समिति सचिव संजय चौहान ने कहा कि अगर अभी आढ़तियों को मनमानी करने से नहीं रोका गया तो बागवानों को भविष्य में और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बागवानों से प्रति पेटी 20 से 30 रुपये वसूली की जा रही है।
एपीएमसी एक्ट के तहत पांच रुपये प्रति पेटी वसूल सकते हैं। रोहड़ू में बागवानों के आंदोलन में हिमाचल किसान सभा, किसान संघर्ष समिति छवारा एप्पल एसोसिएशन, हिमाचल एप्पल ग्रोवर एसोसिएशन शिमला, हिमाचल फल उत्पादक संघ, क्षेत्र के महिला मंडलों से जुड़ी महिलाएं और क्षेत्र के किसान-बागवान आंदोलन में प्रमुखता से हिस्सा लेंगे।
ये हैं मांगें
सेब का रेट प्रतिकिलो तय किया जाए। प्रति पेटी पांच रुपये वसूलने वाले आढ़तियों के लाइसेंस दुकानों और बोली शेडों में चस्पा हो। मंडियों के बाहर एपीएमसी के दिशा-निर्देशों के बोर्ड लगाए जाएं।