उन्होंने 1098 हेल्पलाइन, पोक्सो अधिनियम व महिलाओं के अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वरोजगार को अपनाने, खूब पढ़ाई करने, पौष्टिक आहार लेने और एकाग्रता बढ़ाने के लिए योग-प्राणायाम करने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं को कड़ी मेहनत करके लक्ष्य तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य पर ध्यान देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परिवार, स्कूल व समाज में यदि उनके साथ किसी भी किस्म का अपराध हो रहा है तो उसे सहन न करें और इसकी सूचना दें।
प्रधानाचार्या अनीता सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि नारी सशक्तीकरण में अपराजिता कार्यक्रम काफी सराहनीय कदम है और छात्राओं को ऐसे आयोजनों में प्रशासनिक अधिकारियों से जो जानकारी मिलती है, उसका उन्हें बहुत लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। समाज में नारी सम्मान को लेकर महिलाओं को ही आगे आना होगा। इसके लिए हमें अपने अधिकारों की जानकारी रखनी होगी। प्रवक्ता प्रदीप ठाकुर ने मंच संचालन किया। इस मौके पर डीपीई पुष्पा ठाकुर, प्रेम कश्यप, कमलेश चौहान सहित स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।