लोकसभा में पार्टी के चीफ व्हिप हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से 2018-19 के लिए रबी की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाए जाने के फैसले का स्वागत किया है।
इसे किसानों की बेहतरी की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। अनुराग ने कहा कि देश के किसान इस देश की ताकत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्नदाता के हाथों को मजबूती देने और उनकी आय दोगुनी करने के लिए हर दिन नई योजनाएं लेकर आ रहे हैं।
केंद्रीय कैबिनेट ने रबी की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। रबी फसलों के एमएसपी में वृद्धि से किसानों को 62635 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी।
मोदी सरकार ने खरीफ के बाद अब रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर एक बार फिर अन्नदाता के हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में ये एक ऐतिहासिक बढ़ोतरी है, जिससे किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी।