केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नंगल-तलवाड़ा ब्रॉडगेज रेललाइन को वर्ष 2024 तक जालंधर-जम्मू तवी रेललाइन से लिंक किया जाएगा। उसके बाद जम्मू तक जाने वाली रेलगाड़ियां इस रूट से भी चल सकेंगी। अंब रेलवे स्टेशन के निकट वाशिंग लाइन की स्थापना का भी प्रावधान किया जाएगा ताकि अधिक रेलगाड़ियां इस रूट से देश के अन्य हिस्सों के लिए चलाई जा सकें। अभी तक ऊना के अंब उपमंडल के दौलतपुर तक ही ट्रेन जाती है। यहां से तलवाड़ा की दूरी करीब 30 किलोमीटर है। गगरेट और कांगड़ में आयोजित प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम में अनुराग ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विरोध के अलावा कुछ नहीं दिया है।
कुछ न देने वाले किसी चीज के हकदार नहीं हैं। कांग्रेस ने सिर्फ हिमाचल को केंद्र सरकार की दी सौगात को वापस लेने का काम किया है। मोदी सरकार ने सौगातों को बहाल किया है। प्रदेश और केंद्र सरकार ने भेदभाव की राजनीति से ऊपर उठकर काम किया है। जाति, संप्रदाय और क्षेत्र को कभी नहीं देखा। उन्होंने भाजपा सरकारों के काम गिनवाते हुए कहा कि यदि सब काम भाजपा ने किए हैं तो कांग्रेस ने क्या किया है। कहा कि डबल इंजन की सरकार में कोई कमी नहीं है। मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के चलते ही भारत विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बनी है।