हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर के अनुराग गुप्ता ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का पद प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गर्व से ऊंचा किया है। 1996 में सिपाही के तौर पर सेना में भर्ती हुए अनुराग ने इस पद तक पहुंचने के लिए कई चुनौतियों का सामना किया है अनुराग की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में हुई। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने सरकाघाट कॉलेज में दाखिला लिया। परिवार की आर्थिक स्थिति के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना में भर्ती होकर 17 वर्षों तक सिपाही के रूप में कार्य किया। अपने समर्पण और मेहनत से उन्होंने कमीशन पास किया और सेकेंड लेफ्टिनेंट बने। धीरे-धीरे पदोन्नति प्राप्त करते हुए अब लेफ्टिनेंट कर्नल बने। उनके पिता कर्मचंद गुप्ता दुकानदारी करते हैं और माता सरिता गुप्ता गृहिणी हैं। पत्नी मिलिट्री स्कूल में शिक्षिका हैं।