लोगों को दी जाएगी जानकारी, चिट्टा माफिया पर कसेगा शिकंजा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिले की सभी पंचायतों में 21 और 22 जनवरी को विशेष एंटी-चिट्टा ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें नशा विशेषकर चिट्टा/हेरोइन के दुष्प्रभावों को लेकर जन जागरूकता बढ़ाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए चर्चा की जाएगी। डीसी अनुपम कश्यप ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार इन विशेष ग्राम सभाओं में नशे, विशेषकर चिट्टा के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता, नशा तस्करों की सूचना देने पर राज्य सरकार की ओर से नकद इनाम देने का निर्णय की जानकारी दी जाएगी। नशे के आदी व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए सरकार की पहल के बारे में और पंचायत को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए प्रधान की ओर से शपथ ग्रहण कार्यक्रम आदि का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। ग्राम सभाओं में अधिकतम जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रामसभा के सभी वयस्क सदस्य, ग्राम पंचायत के चुने हुए जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह, युवक मंडल और महिला मंडल के प्रतिनिधि, सभी विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और अन्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ता, स्कूल प्रबंधन कमेटियां, सरकार की ओर से अधिसूचित की गई नशा निवारण समितियों के सभी सदस्य तथा स्थानीय संस्थान और गांव के विकास से जुड़े अन्य हितधारक भाग लेंगे। उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वह इन विशेष ग्राम सभाओं में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने गांव को नशामुक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनाएं।