कृष्णानगर, भराड़ी और जाखू स्कूल के विद्यार्थी परेशान,
विज्ञापन
कैथू स्कूल में जाना पड़ रहा है वार्षिक परीक्षा देने
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र तय करने में बड़ी लापरवाही सामने आई है। कृष्णानगर, भराड़ी और जाखू क्षेत्र के छात्रों का परीक्षा केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल कैथू बना दिया है। इसके कारण विद्यार्थियों को पेपर देने के लिए 5 से छह किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। हैरत इस बात की है कि सभी स्कूलों के आसपास ही वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मौजूद हैं, जहां परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं। इसके पीछे स्कूल अपने अलग-अलग तर्क दे रहे हैं। परीक्षा केंद्र दूर बनाने पर विद्यार्थियों के अभिभावकों ने सवाल उठाए हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को कैथू उल्टा पड़ रहा है। इसके चलते विद्यार्थियों के समय की बर्बादी हो रही है। बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारी के लिए समय कम मिल रहा है। अभिभावकों का मानना है कि कैथू स्कूल के लिए लक्कड़ बाजार या अनाडेल, जाखू के लिए संजौली, भराड़ी के लिए लक्कड़ बाजार या भोंट तथा कृष्णानगर के छात्रों के लिए लालपानी स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते थे। यह सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैं और बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद छात्रों को यहां से कई किलोमीटर दूर कैथू स्कूल भेजा गया है।
विज्ञापन
सुबह परीक्षा के समय बच्चों को लंबा सफर तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और सुरक्षा दोनों की चिंता बनी रहती है। बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र चयन को लेकर संबंधित स्कूलों की प्रबंधन कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बोर्ड परीक्षाओं के लिए उचित केंद्र बनाए जा सकते हैं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा की बोर्ड की आजकल परीक्षाएं चल रही हैं। इसके लिए प्रदेशभर में कई केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कैथू स्कूल का परीक्षा केंद्र भी शामिल है। यहां अभी चार स्कूलों 42 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं।
यह मेरे आने से पहले का मामला : शर्मा
कृष्णानगर स्कूल की मुख्य अध्यापिका सीमा शर्मा ने बताया कि मेरे आने से पहले से परीक्षा केंद्र कैथू ही था। परीक्षाएं शुरू होने से पहले स्कूल प्रबंधन के परीक्षा केंद्र के लिए स्कूल प्रबंधन समिति से अनुमति ली थी। उन्होंने ही कैथू के लिए अनुमति दी उसके बाद स्कूल प्रबंधन से फैसला किया। उन्होंने कहा कि पहले परिसर प्रणाली के अनुसार लालपानी बॉयज स्कूल था। वहां इस बार ही सह शिक्षा शुरू हुई है। ऐसे में अगली बार यदि एसएमसी लालपानी स्कूल के लिए अनुमति देती है तो वहां पर परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।
कैथू केंद्र को लेकर नहीं आई कोई आपत्ति
कैथू स्कूल मुख्याध्यापिका रेणू चंदेल ने कहा कि कैथू स्कूल के लिए पैदल चलने योग्य रास्ता है। बच्चों के अभिभावक सुरक्षित महसूस करते हैं। अभी तक केंद्र को लेकर कोई आपत्ति और शिकायत नहीं मिली है। किसी को केंद्र को लेकर समस्या है तो वो प्रबंधन को बता सकता है। वहीं लालपानी स्कूल के प्रधानाचार्य पवन कुमार सोनी ने कहा कि पिछले साल स्कूल में कृष्णानगर स्कूल के 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं का केंद्र लालपानी स्कूल में था। इस बार स्कूल के प्रबंधन ने बदलाव किया है।
कोट
बोर्ड की परीक्षाओं के लिए स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की सुविधा अनुसार परीक्षा केंद्रों का चयन करना चाहिए। यदि इसके चयन में स्कूल प्रबंधन ने कोई लापरवाही बरती है तो उन स्कूलों से जवाब-तलब किया जाएगा।
-निशा भलूनी, उप निदेशक प्रारंभिक