देश के कुछ शहरों में उड़ी नमक की कमी की अफवाह का असर देवभूमि में भी देखने को मिला। शिमला जिले के नेरवा में बाजार में नमक खरीदने के लिए लोगों का जमावड़ा लग गया। अफवाह के चलते ग्रॉसरी की दुकानों में नमक की जमकर बिक्री हुई। हालांकि नेरवा में प्रिंट मूल्य पर ही नमक बिका।
शनिवार को सुबह एक घंटे में दुकानों से एक-एक क्विंटल नमक हाथों हाथ बिक गया। नमक की कमी की अफवाह फैलने के बाद लोगों में नमक खरीदने की होड़ सी लग गई थी। दोपहर तक जैसे-जैसे लोगों को पता चला कि यह एक अफवाह है तो नमक की बिक्री में
गिरावट आई। नेरवा के दुकानदार रामकुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार को दुकान खोलते ही लोग नमक खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचे। एक घंटे के अंदर पांच कटे नमक के बिक गए। एक-एक व्यक्ति दस किलो तक नमक ले गया। बाद में धीरे-धीरे नमक की बिक्री में कमी आई।