बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के बाद जैसे ही दोपहर बाद साढ़े तीन बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री आक्रामक मुद्रा में आ गए।
अग्निहोत्री ने अमर उजाला में सोमवार को प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए कहा कि लिल्हकोठी आदर्श कॉलेज भवन का ऑनलाइन शिलान्यास प्रधानमंत्री से दूसरी बार कराया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय को गुमराह किया गया है।
इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि इस मामले में वह अभी चर्चा की कोई अनुमति नहीं देंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि जिस कॉलेज भवन का शिलान्यास प्रधानमंत्री ने गत तीन फरवरी को किया है, उसी भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वर्ष 2016 में किया था।
इस दौरान पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी भी मौजूद रहे। इसकी शिलान्यास पट्टिका भी मौजूद है। पीएमओ को गुमराह कर एक ही भवन का दोबारा शिलान्यास क्यों कराया गया?
अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि इस मामले पर चर्चा नहीं होने दी जाएगी और सीएलपी नेता को सीट पर बैठने को कहा। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोबारा आरंभ हुई।