हर रोज नहाने के लिए आ रहे सैकड़ों लोग, तुलादान के लिए लग रही लाइनें संवाद न्यूज एजेंसी सुन्नी (शिमला)। सुन्नी के तत्तापानी में मकर संक्रांति से शुरू हुए मेले में अब रोजाना हजारों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। पवित्र स्नान के साथ लोग यहां वाटर स्पोर्ट्स का भी मजा ले रहे हैं। रोज सुबह 9:00 बजे से श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो जाता है। लोग गर्म पानी में पवित्र स्नान के बाद तुलादान भी करवा रहे हैं।
इसके लिए लाइनें लग रही हैं। बाहरी जिलों से आने वाले लोग खासकर बच्चे सर्दी के मौसम में गर्म पानी से नहाने का लुत्फ उठा रहे हैं। तत्तापानी में शनिवार को भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोगों ने पवित्र स्नान करने के बाद तुलादान किया और धार्मिक अनुष्ठान किए। तत्तापानी मेला मैदान में देर शाम तक लोग खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक छुट्टी के दिन ज्यादा लोग मेले में आ रहे हैं। ऐसे में इस बार रविवार को भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। यह मेला एक महीने तक चलता है। मेले में सजी दुकानों से खेतीबाड़ी के औजारों की भी जमकर खरीदारी हो रही है। जिला शिमला समेत प्रदेश के अन्य इलाकों में मार्च के बाद कृषि संबंधी काम बढ़ जाते हैं। ऐसे में तत्तापानी आ रहे लोग कृषि संबंधी उपकरणों की जमकर खरीद कर रहे हैं।
वाटर स्पोर्ट्स का मजा ले रहे लोग
तत्तापानी में लोग खासकर युवा सतलुज के पानी में वाटर स्पोर्ट्स का भी खूब लुत्फ उठा रहे हैं। आरामदायक चलने वाली बोट से लेकर मोटर बाइक और मोटर बोट में भी युवा वाटर स्पोटर्स में हिस्सा ले रहे हैं। इसके लिए यहां सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा जा रहा है। तत्तापानी में पार्किंग की कमी होने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। यहां ज्यादातर लोगों को मेला स्थल से दूर सड़क किनारे ही गाड़ियां पार्क करनी पड़ रही हैं।