स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। अब इन्हें नए साल से इसकी सुविधा मिलने जा रही है। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अब तक कालका–शिमला रेल लाइन पर चलने वाली कुल छह ट्रेनों में से दो ट्रेनों का ही तारादेवी स्टेशन पर स्टॉपेज था। इसमें ट्रेन नंबर 52453 और 52457 कालका से शिमला की ओर जाते हुए रुकती थी। वहीं 52454 और 52458 नंबर ट्रेन शिमला से कालका की ओर जाते हुए यहां रुकती थीं।
बाकी ट्रेन कालका-शिमला एक्सप्रेस, शिवालिक एक्सप्रेस, हिमालयन क्वीन तारादेवी स्टेशन पर नहीं रुकती थीं। इस वजह से तारादेवी, जतोग, शोघी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इन दिनों यातायात जाम से भी लोग परेशान हैं। ऐसे में लोग रेलवे से इस स्टॉपेज को शुरू करने की मांग उठा रहे थे। यह स्टेशन न केवल धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि यह शिमला शहर के बाहरी क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख रेल संपर्क केंद्र भी है। यहां प्रसिद्ध तारादेवी मंदिर स्थित है जहां हर साल हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
तारादेवी स्टेशन पर अब पहली जनवरी से सभी ट्रेनें रुकेंगी। इसके लिए संबंधित स्टेशन अधीक्षक को निर्देश दे दिए गए हैं। यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई है। - नवीन कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला