सभी 75 रेन शेल्टर ठेके पर देगा नगर निगम
निगम को होगी कमाई, ठेकेदार सुनिश्चित करेंगे सफाई और लाइटों की व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सर्कुलर रोड समेत शहर की मुख्य सड़कों और अन्य संपर्क मार्गाें के किनारे बने रेन शेल्टर अब चकाचक होंगे। इनमें न सिर्फ लाइटों की व्यवस्था होगी सफाई व्यवस्था भी बेहतर होगी। इसके लिए नगर निगम शहर में बने सभी 75 रेन शेल्टर को ठेके पर देने जा रहा है।
इससे नगर निगम को कमाई होगी। साथ ही इनकी व्यवस्था भी पहले से बेहतर होगी। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले महीने से सभी रेन शेल्टर ठेकेदार को सौंप दिए जाएंगे। अभी शहर के ज्यादातर रेन शेल्टर में लाइटों की व्यवस्था नहीं है। बस स्टॉपेज पर बने इन रेन शेल्टर में रात के समय अंधेरा होने से लोग इनमें नहीं बैठ पाते। इसके अलावा कई संस्थान इनमें पोस्टर बैनर चिपकाकर गंदा कर रहे हैं। कई रेन शेल्टर नशेड़ियों का भी अड्डा बन रहे हैं। इसलिए निगम इन्हें ठेके पर देने जा रहा है जो ठेकेदार इन्हें संचालित करेगा, वह इनमें विज्ञापन आदि की सुविधा देकर कमाई करेगा। विज्ञापन के लिए डिजिटल स्क्रीन की भी सुविधा मिल सकती है। रेन शेल्टर में किसी भी विज्ञापन के लिए ठेकेदार से अनुमति लेनी होगी। ऐसा न करने पर संस्थानों पर जुर्माना वसूला जाएगा।