कांग्रेस हाईकमान ने सदस्यता अभियान, महात्मा गांधी जयंती के कार्यक्रमों और पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर मंथन के लिए 12 सितंबर को सुबह 11:00 बजे दिल्ली में बैठक बुलाई है। इस बैठक में शामिल होने के लिए हिमाचल से प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री जाएंगे। इनके अलावा पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और सह प्रभारी गुरकीरत सिंह भी बैठक में शामिल होंगे।
इस संबंध में एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश अध्यक्षों को लिखित फरमान जारी किए हैं। यह बैठक एआईसीसी के 24 अकबर रोड स्थित दफ्तर में होगी। बैठक में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के कार्यक्रमों के आयोजन पर भी चर्चा होगी। गांधी जयंती कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए निर्देश जारी किए जा सकते हैं। इसके अलावा सदस्यता अभियान और पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर भी रूपरेखा तैयार की जाएगी।