हिमाचल में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा वर्षा होने के आसार हैं। इससे कई क्षेत्रों में नुकसान भी हो सकता है। यह पूर्वानुमान मौसम केंद्र शिमला ने जारी किया है। प्रदेश से रुखसत होने से पहले मानसून मौसम में यह हलचल लाने लगा है। मानसून सितंबर के अंत तक ही राज्य से रुखसत हो जाएगा। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होती रही। उधर, चंबा के मणिमहेश पर्वत और किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर रुक-रुककर हल्की बर्फबारी हो रही है।
मौसम केंद्र शिमला के मुताबिक रविवार को हिमाचल के कई मैदानी, मध्य पर्वतीय और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों बारिश और हल्की बर्फबारी हुई। केंद्र ने चेतावनी जारी की कि सोमवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि मंगलवार को मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा मैदानी एवं निचले पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा वर्षा हो सकती है। 26 सितंबर कई क्षेत्रों में मौसम खराब ही रह सकता है।