पांच दिन पहले मनाली के जगतसुख से लापता दिल्ली के ट्रैकर अखिल चड्ढा का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया। शनिवार को एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टरों से सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। हेलीकॉप्टरों से एक घंटे तक करीब तीन किलोमीटर के दायरे में सर्च आपरेशन चलाया गया। अखिल हामटा दर्रे की ट्रैकिंग के लिए निकला था।
शनिवार सुबह जांच दल ने हेलीकॉप्टरों से जगतसुख के आसपास सर्च आपरेशन चलाया। पुलिस ने इलाके के चप्पे-चप्पे में भी अखिल की तलाश की। पुलिस आशंका जता रही है कि अखिल रास्ता भटक गया होगा। डीएसपी मनाली शेर सिंह ने बताया कि एसएचओ अनिल समेत 20 पुलिस जवान और लापता युवक के साथी अखिल को ढूंढने में लगे हुए हैं।
हामटा, भनारा, तिलगन, वौगी, जोगणी पौट, भालू गिरा, सेथन, चित्रू पौट, सेरी और छीका आदि दुर्गम स्थलों पर तलाश की जा चुकी है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पर्यटक को ढूंढने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। अब डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जाएगी।