सिरमौर, करसोग, सोलन और शिमला के आसपास के क्षेत्रों से ढली मंडी में पहुंची पैदावार
फसल गीली होने के कारण 50 से 75 रुपये किलोग्राम तक बिका मटर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी की ढली सब्जी मंडी में बारिश के बाद मटर कम मात्रा में पहुंचा। शुक्रवार को मंडी में करीब 800 मटर की बोरियां पहुंची। फसल गीली होने के कारण दाम में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। ढली सब्जी मंडी कारोबारियों के अनुसार बीते दिनों हुई बारिश के बाद शुक्रवार को कम मात्रा में फसल मंडी में पहुंची। बारिश के कारण गिला मटर मंडी में पहुंचा । इसके कारण दाम में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को मंडी में मटर 50 से लेकर 75 रुपये किलोग्राम तक बिका। बारिश से पहले मटर 70 से लेकर 80 रुपये तक बिक रहा था।
हालांकि कारोबारियों का कहना है कि मटर गिला होने के कारण दामों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है लेकिन मौसम खुलने से दामों में बढ़ोतरी होगी। कारोबारियों के अनुसार मंडी में अभी करसोग, शिमला के साथ लगते सिरमौर, सोलन के क्षेत्रों और शिमला के ठियोग, फागू, चियोग, जुन्गा से मटर आ रहा है।
गौरतलब है कि प्रदेश में करीब 2400 हेक्टेयर भूमि पर मटर की फसल होती है। शिमला की ढली और सोलन की सब्जी मंडी में सबसे ज्यादा मटर का कारोबार होता है। देश के बड़े-बड़े शहरों में पहाड़ी मटर की मांग रहती है। कारोबारियों के अनुसार ढली मंडी से दिल्ली, सूरत, मुंबई, पुणे और गुजरात के कई शहरों में मटर भेजा जा रहा है। बड़े शहरों में मांग के कारण किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।
कोट
मंडी में शुक्रवार को करीब 800 बोरी मटर का कारोबार हुआ। मटर 50 से लेकर 75 रुपये प्रतिकिलो तक बिका। बीते दिनों हुई बारिश के कारण मटर कम मात्रा में मंडी पहुंची। फसल गिली होने के कारण कम दाम पर मटर बिका।
-बिट्टू वर्मा, सचिव, आढ़ती एसोसिएशन