राज्य कृषि विपणन बोर्ड और प्रदेश की दस कृषि उपज मंडी समितियों के संचालन के लिए नए पद भरे जाएंगे। इनमें एक सहायक सचिव, तीन कनिष्ठ कार्यालय सहायक (लेखा) और 13 कनिष्ठ कार्यालय सहायक (सूचना एवं प्रौद्योगिकी) के पद प्रशिक्षु आधार पर शामिल हैं। बोर्ड कार्यालय के लिए दो अधीक्षक वर्ग-1 के पद सृजित किए गए हैं। कृषि उपज मंडी समितियों के कार्यालयों के लिए छह अधीक्षक वर्ग-2 और छह वरिष्ठ सहायक के पद भी बनाए गए हैं। बोर्ड ने अनुबंध और दैनिक आधार पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
प्रत्येक जिले में उनके लिए आवास का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान ठहरने और खाने पर आने वाला खर्च बोर्ड वहन करेगा। कृषि मंडी समितियों के विभिन्न यार्डों को साफ-सुथरा रखने पर जोर दिया गया। अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सीओएसएएमबी द्वारा पूर्व व्यवहार्यता अध्ययन करवाया जाएगा। बैठक में प्रदेश की मंडियों में विभिन्न निर्माण कार्यों को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति भी दी गई। इस बैठक में सचिव कृषि सी. पॉलरासू, सलाहकार नरेंद्र ठाकुर और अन्य सरकारी व गैर-सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।