शिमला। हाल ही में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते में न्यूजीलैंड की वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करने से हिमाचल प्रदेश के बागवानों को भारी नुकसान होगा। बागवान नेता एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस कौशल मुंगटा ने इसको लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आयात शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत किए जाने का फैसला बागवानों के लिए विनाशकारी है। इस फैसले से न केवल स्थानीय बाजार पर विदेशी सस्ते सेब का असर पड़ेगा बल्कि इससे प्रदेश के लाखों बागवानों की आजीविका खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि अप्रैल से अगस्त के बीच जब विदेशी सेब बाजार में आएंगे और उसी वक्त शिमला जिले का 50 फीसदी से ज्यादा सेब बाजार में आता है उसको रेट मिलना मुश्किल हो जाएगा। केंद्र सरकार के इस फैसले का सीधा असर हिमाचल, उतराखंड और कश्मीर के बागवानों को होगा। ब्यूरो