सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के तहत भारतीय सेना में अग्निपथ योजना के तहत चल रही अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत रविवार को लिखित परीक्षा होगी। यह परीक्षा हमीरपुर के खेल स्टेडियम अणु में 16 अक्तूबर को सुबह के सत्र में होगी। सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने सुजानपुर के चौगान में 29 अगस्त से 8 सितंबर के बीच शारीरिक दक्षता परीक्षा करवाई थी।
भर्ती के लिए करीब 22 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उम्मीदवारों का मेडिकल टेस्ट हुआ था। इनमें 2,276 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए चुना गया है। देशभर के विभिन्न भर्ती कार्यालयों की ओर से करीब 83 भर्ती रैलियों का आयोजन किया जा रहा है।
करीब 40 हजार युवाओं की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को हमीरपुर में लिखित परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की बायोमिट्रिक जांच भी होगी। उधर, सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजीव त्यागी ने बताया कि 16 अक्तूबर को सुबह हमीरपुर के अणु में लिखित परीक्षा होगी।