3.70 करोड़ रुपये से होगी प्लांट की स्थापना
अल्ट्रा वाॅयलेट तकनीक से शुद्ध होगा पानी, गिरि में पहले से लगा है यह प्लांट अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की सबसे बड़ी पेयजल परियोजना गुम्मा से भी अब शहर को शुद्ध पानी मिलेगा। गिरि परियोजना की तर्ज पर गुम्मा में भी पानी शुद्ध करने के लिए यूवी ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के प्रस्ताव को निदेशक मंडल ने मंजूरी दे दी है।
इस प्रोजेक्ट पर 3.70 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बीते महीने भी निदेशक मंडल की बैठक में इसे चर्चा के लिए रखा था। हालांकि इसे अंतिम मंजूरी नहीं मिली थी। अब इसे मंजूरी दे दी है। गुम्मा शिमला की सबसे बड़ी परियोजना है जहां से शहर को 24 एमएलडी तक पानी मिलता है। अब इस पानी को क्लोरीनेशन के अलावा अल्ट्रा वायलेट तकनीक से भी शुद्ध किया जाएगा। इस तकनीक में पानी को अल्ट्रा वायलट किरणों के बीच से गुजारकर शुद्ध किया जाता है। अभी तक गिरि परियोजना के लिए ही संजौली में यह प्लांट लगाया है। बैठक में पानी के गलत बिल जारी करने को लेकर भी महापौर सुरेंद्र चौहान ने सवाल उठाए। कहा कि लोगों को गलत बिल न दिए जाएं। पानी की नियमित आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाए।
विज्ञापन
बैठक में यह फैसले भी लिए गए
पेयजल कंपनी में कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से भरेंगे 45 पद तीन सेवानिवृत्त अधिकारियों को एक साल का और सेवा विस्तार मिला
कंपनी के कर्मचारियों की नई इंसेंटिव पॉलिसी को भी मंजूरी
एजीएम का खाली पद भरने को भी निदेशक मंडल ने दी मंजूरी