हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के चचूल जंगल में देवदार के पेड़ों के अवैध कटान का बड़ा मामला सामने आया है। जंगल में आधा दर्जन देवदार के हरे पेड़ों के ठूंठ जमीन में दबे मिले हैं। स्थानीय लोगों की मदद से मिट्टी हटाने पर ये ठूंठ सामने आए हैं, जबकि दो दर्जन से अधिक देवदार के पेड़ नंबर डालकर काट दिए गए। लकड़ी भी गायब है। हालांकि, वहां वन निगम का अभी तक कोई लॉट ही नहीं लगा है। ऐसे में कटे हुए पेड़ों के ठूंठों पर मिले ये नंबर आखिरकार वन विभाग ने क्यों लगाए। इसको लेकर भी जांच टीम गहनता से जांच कर रही है, लॉट लगाने से पूर्व पेड़ों की निशानदेही तब की जाती है, जब जंगल में कोई लॉट लगाना हो, जिससे चिह्नित पेड़ों को ही काटा जा सके, लेकिन चचूल जंगल में पेड़ तो कट चुके हैं, लेकिन अभी तक वहां वन निगम ने कोई लॉट नहीं लगाया है।