अगर वीरवार को आपको जिला कचहरी में कोई काम है तो वहां न जाएं। शिमला बार एसोसिएशन ने वीरवार को काम नहीं करने का फैसला लिया है।
बीते दिनों शोघी में साथी वकील पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बार एसोसिएशन आज कामकाज का बहिष्कार करेगी। वकीलों के बहिष्कार के चलते जिला कचहरी में पूरा दिन कामकाज प्रभावित रहेगा।
शिमला बार एसोसिएशन के महासचिव गुना नंद वर्मा ने बताया है कि शिमला बार एसोसिएशन की आम सभा में वीरवार को काम नहीं करने का फैसला लिया गया है।
पुलिस पर लगया लापरवाही का आरोप
एसोसिएशन का कहना है कि साथी वकील पर हुए हमले के मामले में आरोपियों पर अभी तक संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज नहीं किया है। मामले की जांच भी गहनता से नहीं हो रही है।
शिमला बार एसोसिएशन ने पुलिस से मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है। महासचिव गुना नंद वर्मा का कहना है कि वीरवार सुबह सभी वकील चक्कर स्थित जिला कचहरी की पार्किंग में एकत्र होंगे। वहां बैठक कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी।