शिमला। राजधानी के 12 वर्षीय आदित्य वर्मा ने प्रतिष्ठित स्किल क्राफ्ट इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट में बेस्ट अनरेटेड कैटेगरी में तृतीय स्थान हासिल किया है। इस टूर्नामेंट में 1,220 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिनमें छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल थे। शिमला चेस क्लब के संस्थापक विक्रम कंवर ने बताया कि आदित्य वर्मा शिमला चेस क्लब के खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता बेहतरीन कौशल और धैर्य का प्रदर्शन किया। आदित्य ने पूरी प्रतियोगिता में पांच खिलाड़ियों को हराया। इनमें से दो खिलाड़ियों की रेटिंग 1600 से अधिक थी। एक अनरेटेड खिलाड़ी के लिए यह एक शानदार उपलब्धि है और यह उनके परिश्रम तथा दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। चेस क्लब ने आदित्य की इस उपलब्धि के लिए उसे ट्रॉफी के साथ 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। आदित्य वर्तमान में शिमला पब्लिक स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ते हैं। संवाद