जंजैहली (मंडी, हिमाचल) की वादियां दिल को छू जाती हैं। यह घाटी नई नवेली दुल्हन की तरह है। इसे पर्यटन की दृष्टि से संवारा जाना चाहिए। यह घाटी किसी हिल स्टेशन से कम नहीं है। यह कहना है लगान और गंगाजल जैसी सुपरहिट बॉलीवुड फिल्मों में अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ने वाले यशपाल शर्मा का।
वे इन दिनों बॉलीवुड फिल्म मोहम्मद बकरवाल की शूटिंग के सिलसिले में मंडी जिले की जंजैहली घाटी में आए हुए हैं। यशपाल शर्मा का कहना है कि शहरीकरण से दूर जंजैहली घाटी की फिजाएं एकांत का अहसास करवाती हैं। मोहम्मद बकरवाल फिल्म की अधिकतर शूटिंग जंजैहली घाटी में ही होगी।
‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत में यशपाल शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष वे ब्रीणा फिल्म की शूटिंग के लिए पहली बार हिमाचल की जंजैहली घाटी में आए थे। इस फिल्म ने भी कई राष्ट्रीय खिताब जीते थे। यशपाल ने कहा कि मोहम्मत बकरवाल फिल्म जम्मू-कश्मीर के पत्थरबाजों पर आधारित है।
इसमें वे मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। वे बॉलीवुड स्टार सलमान खान की फिल्म ट्यूबलाइट में भी नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि गंगाजल फिल्म में निभाए गए उनके किरदार को खूब सराहना मिली थी। अपने दमदार अभिनय के दम पर उन्होंने दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी थी।