शिमला। संजौली क्षेत्र के भट्ठाकुफर में रात के समय हुड़दंग मचाने और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर ली है। इसके अलावा अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत पाबंद किया गया है। जानकारी के अनुसार मामला विगत दिनों का है जब भट्ठाकुफर क्षेत्र में स्कॉर्पियो में कुछ युवक पहुंचे और उन्होंने हुड़दंग मचानी शुरू कर दी। युवकों ने गाड़ी में तेज आवाज में म्यूजिक चलाने के साथ ही शोर शराबा करना शुरू कर दिया। लोगों ने मामले की सूचना संजौली पुलिस स्टेशन को दी। कुछ समय के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने गाली-गलौज, धमकियां देनी शुरू कर दी। इसके साथ ही वाहनों पर पत्थरबाजी भी की। इससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने इस संबंध में 351(2), 352, 324(4), 190, 191(2) बीएनएस और पीडीपी एक्ट की धारा 3 के तहत केस दर्जकर जांच शुरू की। छानबीन में तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें पियुष, राघव और अवध शामिल हैं जबकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मामले की जांच जारी है। ब्यूरो