शिमला। कुफरी के शिलोन बाग स्थित फन कैंपस के पास हुई मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और धमकी देने के चर्चित मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गौरव महाजन की अदालत ने चलौंठी निवासी आरोपी जतिन ठाकुर को अग्रिम जमानत दी है। अभियोजन पक्ष के अनुसार 15 अगस्त 2026 की रात शिकायतकर्ता अंकित अपने दोस्तों के साथ शिलोन बाग में मौजूद था। इस दौरान 12-14 गाड़ियों में सवार होकर 60 से 70 युवक पहुंचे जिन्होंने खुद को तालिबान ग्रुप का सदस्य बताया। इस दौरान उन्होंने हवा में गोलियां चलाईं, हथियार दिखाकर पैसे मांगे और गाड़ियों में तोड़फोड़ की थी। घटना के बाद शिकायतकर्ता को फोन पर जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकियां दी गईं। इस मामले में आरोपी पर फोन कर धमकाने का आरोप था। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि आरोपी जांच में शामिल हो चुका है और उससे कोई बरामदगी शेष नहीं हुई है। संवाद