सिगरेट की डिब्बी में छह ग्राम हेरोइन बरामद, दोनों आरोपी तीन दिन की रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के कृष्णानगर में नशे की खेप छिपाकर रखने के मामले में शिमला पुलिस की विशेष सेल ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद किया है। चिट्टे को सिगरेट की डिब्बी में डालकर गद्दे के नीचे छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 सितंबर को कमरे की तलाशी ली थी। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार विशेष सेल की टीम को कृष्णानगर में एक रिहायशी कमरे में नशीला पदार्थ छिपाकर रखने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कमरे में दबिश दी। उस समय कमरे में कृष्णानगर निवासी सनमजीत सिंह उर्फ सनम और सुमित सपरा मौजूद थे। तलाशी के दौरान करीब छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ उनके पास कहां से पहुंचा था और क्या वे इसकी आगे सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े संपर्कों को लेकर पूछताछ करेगी। संवाद