ढली क्षेत्र में कार के फुटमेट के नीचे से मिला चिट्टा, संजौली में होमस्टे से पकड़ा नशा
शोघी में बस में सवार युवक के कब्जे से 9.810 ग्राम चिट्टा बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छह मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में पुलिस ने कुल 24.78 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इसमें कई ऐसे मामले भी हैं जिसमें की बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई गई है।
ढली थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। 28 अगस्त को भट्ठाकुफर से ढली टनल की ओर गश्त के दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली। कार में बैठे व्यक्ति के पैरों के नीचे फुटमेट के नीचे छिपाकर रखा गया पारदर्शी पाउच बरामद हुआ, जिसमें 6.34 ग्राम चिट्टा था। मामले में सुन्नी निवासी दुष्यंत वर्मा (25) और आनी निवासी अक्षय शर्मा (24) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, 30 अगस्त को ढली बाईपास स्थित एक होमस्टे में चिट्टा बेचने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान कमरे में संजौली निवासी महेश ठाकुर उर्फ महेशी (38) और आनी निवासी देवेंद्र कुमार (23) मिले। तलाशी के दौरान डबल बेड पर चादर के नीचे तकिये के पास से 4.010 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्पेशल सेल की दो अन्य मामलों में 14.43 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। 29 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने वाहन की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड पर रखे काले पर्स से 4.62 ग्राम हेरोइन बरामद किया। इस मामले में कंडाघाट निवासी करुण सिंह (34) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, 30 अगस्त को शोघी के पास सोलन की ओर से आ रही बस की चेकिंग के दौरान कुमारसैन निवासी हितेश वर्मा उर्फ हन्नी वर्मा (22) के कब्जे से 9.810 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आरोपियों से जुड़े नशे के नेटवर्क, सप्लाई चैन और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।
इनसेट
झाकड़ी और चौपाल में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर की कार्रवाई
झाकड़ी क्षेत्र में 13 अगस्त को किराये के कमरे से 8.53 ग्राम चिट्टा बरामद होने के मामले में पुलिस ने धीरज शर्मा और आशीष को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान धीरज शर्मा से पूछताछ में सामने आया कि वह 12 अगस्त को राजन मेहता (34), निवासी ननखड़ी के साथ उसकी गाड़ी से चिट्टा खरीदने जीरकपुर गया था। पुलिस ने राजन के मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण किया। इसमें धीरज के साथ उसकी संपर्क एवं लोकेशन की पुष्टि हुई। साक्ष्यों के आधार पर राजन मेहता को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं चौपाल में चिट्टा तस्करी मामले के बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर एक और आरोपी की पहचान हुई है। पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त को 3.49 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार अतर सिंह से पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने नशीले पदार्थों के बैकवर्ड लिंकेज को वर्कआउट किया। जांच में आशीष ब्रागटा (27) निवासी चौपाल की संलिप्तता सामने आने आई। उसके खिलाफ धारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस नशा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। हर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।