कृष्णानगर स्थित घर के बाहर से पकड़ा आरोपी, अदालत में किया जाएगा पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। चोरी के मामले में अदालत से तीन साल से घोषित उद्घोषित अपराधी 27 वर्षीय निखिल हंस को छोटा शिमला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कृष्णानगर का निवासी है। पुलिस ने आठ अक्तूबर को कार्रवाई करते हुए उसे कृष्णानगर स्थित उसके घर के बाहर से पकड़ा।
निखिल हंस के खिलाफ थाना पूर्व शिमला में 19 अगस्त 2023 को चोरी का मामला दर्ज किया गया था। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 457, 380 और 34 के तहत मामला दर्ज है। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय में पेश न होने पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम, शिमला की अदालत ने तीन अगस्त 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी करार दिया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
आठ अक्तूबर को पुलिस टीम ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम, शिमला की अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार न्यायालय की प्रक्रिया से बचने वाले उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे आरोपियों को पकड़कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।