हरिद्वार से अपने बड़े भाई की अस्थियां विसर्जित कर लौट रहे छोटे भाई की सुंदरनगर बस स्टैंड के बाहर जीप की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे की है। जिस समय यह हादसा हुआ युवक बस से उतर कर बाहर चाय पीने के लिए जा रहा था। उसके सड़क पर पहुंचते ही धुंध में दूसरी ओर से आ रही जीप ने उसे टक्कर मार दी।
जीप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रूप चंद (41) पुत्र केशू राम निवासी गांव जेष्ठा डाकघर ठेला, भुंतर जिला कुल्लू के बड़े भाई की गत सोमवार को बीमारी के कारण मौत हो गई थी। जिसके अंतिम संस्कार के उपरांत रूपचंद अपने बड़े भाई डाबे राम व भाभी के साथ अस्थि विसर्जन को हरिद्वार गया हुआ था।