गेट पर प्रदर्शन करते ट्रक ऑपरेटर।
- फोटो : संवाद
एसीसी बरमाणा सीमेंट प्लांट में प्रबंधन और ट्रक ऑपरेटरों के बीच छिड़ा विवाद बढ़ता जा रहा है। दि बिलासपुर जिला ट्रक ऑपरेटर परिवहन सहकारी सभा (बीडीटीएस) और पूर्व सैनिक संघ के ट्रक ऑपरेटरों ने वीरवार को प्लांट के गेट पर करीब एक घंटा प्रदर्शन किया। इससे पहले ट्रक ऑपरेटरों ने वीरवार दोपहर करीब 12 बजे बीडीटीएस भवन से लेकर एसीसी प्लांट बरमाणा के मुख्य गेट तक रैली निकाली।
इस दौरान कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। रैली में सैकड़ों ट्रक ऑपरेटर और बीडीटीएस के सदस्य मौजूद रहे। बीडीटीएस के सदस्य राकेश कुमार रॉकी ने कहा कि कंपनी ने अनिश्चितकाल के लिए काम बंद करने का फरमान जारी किया है। इससे ट्रक ऑपरेटरों की गाड़ियों की किस्तें बैंकों को नहीं जाएंगी। यहां तक प्लांट के कर्मचारियों को भी घर में बैठा दिया है। प्रदेश सरकार को भी राजस्व का नुकसान होगा।
अदाणी समूह लोगों पर अपनी मनमानी थोपना चाहता है। बरमाणा के ट्रक ऑपरेटरों के किराये को घटाना चाहता है। उन्होंने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि प्लांट को फिर से शुरू किया जाया। ट्रक ऑपरेटरों की मांगों को माना जाए और माल ढुलाई की डिमांड को फिर से 15,000 मीट्रिक टन किया जाए। इसके अलावा उन्होंने प्रशासन से बरमाणा कॉलोनी के स्थानीय लोगों की पानी की सप्लाई और बरमाणा दुर्गा माता मंदिर की बिजली की व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने की भी मांग की। उधर, एसडीएम बिलासपुर रामेश्वर ठाकुर ने इन मांगों पर कंपनी प्रबंधन से बात करने का आश्वासन दिया।
फिर निकालेंगे रैली, शामिल न होने वाली गाड़ी होगी ब्लैक लिस्ट
पूर्व सैनिक संघ के प्रधान जगन्नाथ और बीडीटीएस के सदस्य ने बताया कि ट्रक ऑपरेटर रविवार सुबह बीडीटीएस भवन में बैठक करेंगे। इसके बाद प्लांट गेट तक रैली निकालेंगे। यदि कोई ऑपरेटर या बीडीटीसी सदस्य बैठक या रैली में नहीं आता है तो उसकी गाड़ी को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
रैली से पहले उलझे बीडीटीएस सदस्य
बरमाणा में शनिवार सुबह बीडीटीएस के कुछ सदस्य आपस में उलझ पड़े। इसी दौरान बीडीटीएस सदस्यों में मारपीट की नौबत तक आ गई, लेकिन अन्य ऑपरेटरों ने मामले को संभाल लिया। इन दिनों बीडीटीएस में कार्यकारिणी को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। एक धड़ा अपना बहुमत बताकर नई कार्यकारिणी बनाने का दावा कर रहा है, जबकि दूसरा इसके खिलाफ अदालत में गया है। मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को है।