हिमाचल में दो सीमेंट निर्माता कंपनियों एसीसी और अंबुजा ने भी हाल ही में बढ़ी कीमतें वापस ले ली हैं। दोनों कंपनियों ने उद्योग महकमे को भेजी सूचना में कहा है कि राज्य में सीमेंट 13 मार्च तक के रेट पर ही मिलेगा।
इसके बाद हुई 3 फीसदी बढ़ोतरी को रोल बैक किया जा रहा है। इससे पहले जेपी कंपनी ने भी ये वृद्धि वापस ले ली थी। हालांकि कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि रिटेल रेट पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है और ये बाजार की मांग के हिसाब से स्टाकिस्ट तय करते हैं।
उद्योग निदेशक राजेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के आग्रह को कंपनियों ने मानते हुए ये फैसला लिया है। विभाग अब खुद भी कीमतों की निगरानी कर रहा है। गौरतलब है कि 16 मार्च को कीमतें अचानक बढ़ने के बाद राज्य सरकार ने सीमेंट कंपनियों पर सख्ती दिखाई थी।
विपक्षी दल भाजपा कहीं इस मसले को चुनावी मुद्दा न बना दे, इस दबाव के कारण उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी सीमेंट कंपनियों को रेट वापस लेने की चेतावनी दी थी। इसी का असर है कि सीमेंट कंपनियों ने बढ़ी हुई कीमतें फिलहाल वापस ले ली हैं।