शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की क्रमिक भूख हड़ताल वीरवार को 11वें दिन भी जारी रही। कुलपति कार्यालय के बाहर चल रहे अनशन में 11वें दिन इकाई उपाध्यक्ष ईशा और इकाई कार्यकर्ता जया अगले 24 घंटे के लिए भूख हड़ताल पर बैठीं। इससे पहले 10वें दिन विधि विभाग इकाई सचिव देवांशु और रवीना ने 24 घंटे का अनशन पूरा किया। एबीवीपी के इकाई मंत्री सुशील शर्मा ने कहा कि भारी फीस वृद्धि के कारण आम परिवारों के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की। एबीवीपी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार छात्र हितों की अनदेखी कर रहा है। सुशील शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। संवाद