बोले, 300 से अधिक चीड़ के पेड़ काटे गए संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की विश्वविद्यालय इकाई ने शिलाई क्षेत्र में पेड़ों के अवैध कटान के विरोध में कुलपति भवन के बाहर प्रदर्शन किया। परिषद ने जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में 300 से अधिक चीड़ के पेड़ों की कटाई के मामले को गंभीर बताते हुए इसकी उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के इकाई उपाध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में वन माफिया के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर असली दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। परिषद ने मांग की कि इस प्रकरण में संलिप्त सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें। एबीवीपी का कहना है कि जिस स्थान पर यह अवैध कटान हुआ, वह एसडीएम कार्यालय और पुलिस थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर है, ऐसे में प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के पर्यावरण संरक्षण के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार पर्यावरण हितैषी होने की बात करती है वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन प्रदेशभर में आंदोलन को तेज करेगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।