नालागढ़ के दतोवाल में गद्दे बेचने का काम करने वाले विशेष समुदाय के युवक ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर आपत्तिजनक वीडियो फेसबुक पर डाला है। गुस्साए व्यापारी बद्दी की पुरानी सब्जी मंडी में एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय मजदूर पार्टी के अध्यक्ष राज कुमार को दुकानदारों ने मौके पर बुलाया गया। राज कुमार ने युवक को बद्दी बुलाया, जहां पर पहले से दुकानदार खड़े थे। युवक मौके पर पहुंचकर गलती की माफी मांगने लगा, पर दुकानदारों ने उसकी पिटाई कर दी। प्रदर्शनकारी इस युवक को अपने साथ बद्दी थाने ले गए और वहां पर इसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस थाने पहुंचाने से पहले प्रदर्शनकारियों ने युवक से भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगवाए। उधर, एएसपी अशोक ने बताया कि पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।