दवा कारोबार विस्तार के नाम पर लिए पैसे, आठ चेक के माध्यम से दी आरोपी को भुगतान करने का आरोप
विज्ञापन
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की मामले की जांच अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल पुलिस से सेवानिवृत्त एक पुलिस अधिकारी ने एक व्यक्ति पर कारोबार बढ़ाने के नाम पर 36.70 लाख रुपये लेने और बाद में रकम वापस न करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना छोटा शिमला में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) और 351 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में अधिकारी ने बताया कि नवंबर 2024 में एक परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात सुनील कुमार से हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार सुनील कुमार ने खुद को दवाइयों का कारोबार करने वाला कारोबारी बताया और कारोबार के विस्तार के लिए आर्थिक मदद मांगी। शिकायत के मुताबिक आरोपी की बातों पर भरोसा कर उसने अपनी सेवानिवृत्ति के बाद मिली राशि और जीवनभर की बचत में से अलग-अलग तारीखों पर आठ चेक के माध्यम से 36.70 लाख रुपये दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने पैसे लौटाने में आनाकानी शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार अब तक उसे केवल 13.10 लाख रुपये वापस मिले हैं, जबकि 23.60 लाख रुपये अभी बकाया हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इससे उसे अपनी सुरक्षा को लेकर भी डर सता रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि रकम वापस नहीं मिलने के कारण उसे पंजाब के मोहाली में मकान निर्माण के लिए होम ऋण लेना पड़ा। शिकायत में आरोपी पर अन्य लोगों से भी इसी तरह रकम लेने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपी की दवा आपूर्ति संबंधी कारोबारी गतिविधियों, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है। साथ ही दवाइयों की आपूर्ति से संबंधित आरोपों की भी जांच करने का आग्रह किया है।