इंडियन रेलवे फैन क्लब ने आयोजित किया टुअर संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर शुक्रवार को देशभर के 135 लोगों का ग्रुप स्पेशल ट्रेन बुक करवाकर शिमला पहुंचा। इस दौरान ट्रेन में सवार लोगों के लिए ऐतिहासिक नैरो गेज रेलवे ट्रैक पर पहाड़ों की सुंदर वादियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
इंडियन रेलवे फैन क्लब की ओर से यह 20वां वार्षिक रेल टुअर था। इसमें बंगलूरू, कोलकाता, पुणे, मुंबई, अहमदाबाद, महाराष्ट्र और गुजरात सहित अन्य जगहों के लोग शामिल थे। यह ट्रेन सुबह करीब 10 बजे कालका से शिमला के लिए रवाना हुई और शाम करीब 4:15 बजे शिमला स्टेशन पर पहुंचीं। इस दौरान ट्रेन बडोग और कनोह स्टेशन पर रुकी। शिमला पहुंचते ही ट्रेन में मौजूद लोग शिमला के सुंदर नजारों को अपने कैमरों में कैद करते हुए नजर आए। इस समूह ने ट्रेन के पांच कोच बुक करवाए थे। गुड़गांव के शशांक नंदा ने बताया कि वह हर साल ऐतिहासिक रेलवे स्टेशनों की यात्रा करते हैं।
बीते वर्ष इनका ग्रुप चित्तरंजन रेलवे स्टेशन गया था जो अपने इलेक्ट्रिक और डीजल इंजनों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। इस वर्ष इन्होंने विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक का टुअर बनाया है जो नैरो गेज ट्रैक के लिए प्रसिद्ध है। इस दौरान ट्रेन 103 सुरंगों से होकर गुजरती है। इसके अलावा छोटे बड़े 969 पुल भी हैं जो लोगों को आकर्षित करते हैं। शशांक ने बताया की उनके ग्रुप में बहुत से ऐसे लोग हैं जो पहली बार शिमला आए हैं। शिमला में इनका ग्रुप तीन दिनों तक रुकेगा, वहीं शनिवार को शिमला में ही इंडियन रेलवे फैन क्लब के 20वां वार्षिक सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।