जिला चंबा में अब नए सिरे से स्मार्ट स्कूल वर्दी की सप्लाई होगी। टेंडर भरने के समय और सप्लाई के सैंपल मेल नहीं खाने पर सरकार ने यह फैसला लिया है। खाद्य आपूर्ति निगम ने स्मार्ट वर्दी की सप्लाई कर रही निजी कंपनी को खराब वर्दी वापस लेने के आदेश दे दिए हैं।
उधर, नई सप्लाई आने के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग नई दिल्ली स्थित श्रीराम लैब में वर्दी के सैंपल जांच के लिए भेजेगा। लैब से रिपोर्ट सही आने के बाद ही स्कूलों में वर्दी आवंटित की जाएगी।
बीते दिनों जिला चंबा में पहुंची स्मार्ट स्कूल वर्दी में कई कमियां पाई गईं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया ही वर्दी के सैंपल टेंडर के दौरान दिए गए सैंपल से मेल नहीं किए।
क्वालिटी खराब होने के चलते शिक्षा विभाग ने जिला में वर्दी की सप्लाई न करने का फैसला लिया। मामले की जानकारी प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में पहुंचते ही निदेशक ने खाद्य आपूर्ति निगम से शिकायत की।
निगम के अधिकारियों ने पड़ताल करने के बाद निजी कंपनी को जिला चंबा में भेजी गई वर्दी को वापस लेकर नई सप्लाई करने के आदेश जारी किए। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक रोहित जम्वाल ने बताया कि जल्द ही जिला चंबा में स्मार्ट स्कूल वर्दी की नई सप्लाई पहुंच जाएगी।