बर्फ हटाने से कई जगह सड़क के दोनों ओर बर्फ की ऊंची दीवार खड़ी हो गई है, जिससे सड़क वन वे हो गई है। अगर दूसरी ओर से कोई गाड़ी आ जाए तो कई किमी तक पास ही नहीं मिलती है।
एसडीएम केलांग अमर नेगी ने बताया कि रोहतांग दर्रे में बर्फ अधिक होने के कारण प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही वन वे रखी है। कोकसर और मढ़ी की पुलिस चौकियां आपस में तालमेल बिठाकर वाहनों को रोहतांग दर्रा पार करवा रही हैं।
बीआरओ कमांडर कर्नल उमाशंकर का कहना है कि रोहतांग दर्रे को प्राथमिकता से बहाल करने के बाद अब सड़क की हालत को सुधारा जा रहा है। रोहतांग से ग्रांफू बाईपास सड़क की हालत दयनीय हो गई है।
ग्रांफू में बने बाईपास को पार करना चुनौती से कम नहीं है। वाहन चालक अंशुल, अशोक, जवाहर, रॉकी और राजू ने बताया कि बीआरओ ने रोहतांग बहाल कर लाहौल घाटी को कुल्लू से जोड़ दिया है।
लेकिन सड़क के दोनों ओर बर्फ की दीवार होने से राहनीनाला से लेकर ग्रांफू बाईपास तक सड़क तंग है। इस कारण एक साथ वाहन आरपार नहीं हो सकते। इससे पहले बीआरओ जगह-जगह वाहनों को पास देने के लिए बर्फ हटाकर जगह बनाता था।
इस बार बीआरओ ने इस दिशा में कोई काम नहीं किया है। स्थानीय निवासी अमर चंद, अमर सिंह, रमेश चंद, जगदीश, दोरजे, सोनम, टशी, दीपक और राहुल ने कहा कि रोहतांग दर्रे में जगह-जगह पास देने के लिए सड़क किनारे से बर्फ हटाई जाए।