शिमला। शहरवासियों को रोजाना पानी देने का नगर निगम महापौर और कंपनी का दावा फेल होता दिख रहा है। शहर के कई इलाकों में अब भी चार दिन बाद पानी दिया जा रहा है।
भट्ठाकुफर, नेरीधार, गाहन इलाके में लोगों को आजकल चौथे दिन पानी दिया जा रहा है। इलाके के पूर्व पार्षद नरेंद्र ठाकुर का कहना है कि महापौर के दावे सिर्फ बयानों तक सीमित रह गए हैं। लोगों को चार से पांच दिन बाद पानी मिल रहा है। पूर्व पार्षद ने कहा कि महापौर रोज की बजाय कम से कम तीसरे दिन पानी मुहैया करवाना सुनिश्चित करवा दें तो उनके इलाके की समस्या हल हो जाएगी। पार्षद रीता ठाकुर का कहना है कि नगर निगम नियमित सप्लाई नहीं दे रहा जिसके चलते हजारों लोग अभी से पेयजल संकट झेलने को मजबूर हो रहे हैं। कहा कि लोगों की शिकायतें आ रही हैं, लेकिन निगम है कि पानी की सप्लाई सुचारु नहीं कर रहा।