अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी सहित जिले भर में स्थापित किए 236 परीक्षा केंद्रों में जमा दो की परीक्षा हुई। सुबह के सत्र में नौ से बारह बजे तक रेगुलर जबकि दोपहर बाद के सत्र में एसओएस छात्रों की परीक्षा करवाई गई। बड़े स्कूलों में तीसरी आंख की निगरानी में परीक्षा करवाई गई। लागू व्यवस्था के चलते शहर के किसी भी स्कूल से नकल का कोई मामला सामने नहीं आया।
फागली स्कूल में उपमंडलाधिकारी कार्यालय की ओर से गठित उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। शहर के लालपानी ब्वॉयज स्कूल में सुबह के सत्र में 304 छात्रों ने इंग्लिश की परीक्षा दी। प्रधानाचार्य एलआर भारद्वाज ने बताया परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में हुई। हर परीक्षा हॉल पर सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की गई। पोर्टमोर स्कूल में सुबह के सत्र में 404 और दोपहर बाद के सत्र 60 छात्राओं ने परीक्षा दी। प्रधानाचार्य नरेंद्र सूद ने बताया कि तय समय पर परीक्षा शुरू हो गई।
लक्कड़ बाजार गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. गीता रानी ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। छोटा शिमला स्कूल के प्रधानाचार्य रत्न सिंह वर्मा ने बताया कि स्कूल में सुबह के सत्र में दो सौ और शाम के सत्र में स्कूल के 60 छात्रों ने एसओएस के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा दी। फागली स्कूल में 67 छात्रों ने परीक्षा दी।
यहां उपमंडलाधिकारी कार्यालय की ओर से गठित उड़न दस्ते ने निरीक्षण भी किया। यहां नकल का कोई मामला सामने नहीं आया। बालुगंज स्कूल में 60 छात्र और छात्राओं ने परीक्षा दी। यहां भी उपमंडलाधिकारी कार्यालय के उड़न दस्ते ने औचक निरीक्षण किया। उधर टुटू, समरहिल और संजौली स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में भी पहली जमा दो की बोर्ड की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई।
उप-निदेशक उच्च शिक्षा राजेश्वरी बत्ता ने बताया कि कहीं से कोई अव्यवस्था की सूचना नहीं है। शहर के सहित अधिकतर स्कूलों में सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में परीक्षा हुई।